वन विभाग को सतर्क रहने के निर्देश, पेट्रोलिंग बढ़ी; श्रद्धालुओं की भीड़ रही नियंत्रित।
टनकपुर/चंपावत। यहां आयोजित पूर्णागिरि मेले के दौरान मंगलवार को एक बार फिर जंगली हाथी की दस्तक से पूरे मेला क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घने जंगलों से घिरे इस मेला क्षेत्र में वन्यजीवों की मौजूदगी हमेशा बनी रहती है, लेकिन श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही के चलते आमतौर पर जानवर सड़क पार नहीं कर पाते।
हालांकि, वन विभाग द्वारा क्षेत्र में वॉचरों की तैनाती की गई है, लेकिन विस्तृत वन क्षेत्र होने के कारण जंगली जानवरों की गतिविधियों पर पूरी तरह नियंत्रण संभव नहीं हो पाता। घटना के बाद मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी ने वन विभाग को सघन पेट्रोलिंग के निर्देश दिए हैं और हर स्थिति पर नजर बनाए रखने को कहा है।
मंगलवार होने के चलते मुंडन संस्कार न होने का असर मेले की भीड़ पर भी देखने को मिला और अपेक्षाकृत कम श्रद्धालु पहुंचे। इसके बावजूद उत्तर प्रदेश और नेपाल से श्रद्धालु मां पूर्णागिरि के जयकारे लगाते हुए लगातार मेले में पहुंच रहे हैं। मेले में पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, यातायात, सुरक्षा और शांति व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त बनी हुई है। मेला मजिस्ट्रेट द्वारा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किए जाने से व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं।
उपाधीक्षक पुलिस विमल प्रसाद ने बताया कि मेले के चप्पे-चप्पे पर पुलिस और सादी वर्दी में जवान तैनात हैं, जो हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस को दें, उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
फोटो – पूर्णागिरी मेले में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब।
चंपावत: पूर्णागिरि मेले में फिर हाथी की दस्तक, जंगल से सटे क्षेत्र में दहशत का माहौल।

