चंपावत: बीस सूत्रीय कार्यक्रम में चंपावत फिर बना प्रदेश का नंबर-1

Share This Post

लगातार नौ माह से शीर्ष पर कायम जनपद, 98.37 प्रतिशत उपलब्धि के साथ रचा नया रिकॉर्ड।


चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और जिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में चंपावत जनपद ने एक बार फिर प्रदेश में अपनी श्रेष्ठता साबित की है। भारत सरकार के बीस सूत्रीय कार्यक्रम के क्रियान्वयन में चंपावत ने लगातार नौवीं बार प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यसंस्कृति और योजनाओं के प्रभावी संचालन का नया उदाहरण पेश किया है।
जुलाई माह से मार्च माह तक लगातार शीर्ष स्थान बनाए रखते हुए जनपद ने विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, सतत मॉनिटरिंग और परिणाम आधारित कार्यप्रणाली में अपनी मजबूत पकड़ दिखाई है।
जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीप्तकीर्ति तिवारी ने बताया कि कुल 40 रैंकिंग मदों में से 38 में जनपद को ‘A’ श्रेणी और 2 मदों में ‘B’ श्रेणी प्राप्त हुई है। खास बात यह रही कि किसी भी मद में चंपावत को ‘C’ या ‘D’ श्रेणी नहीं मिली, जो योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि जनपद ने कुल 123 अंकों में से 121 अंक हासिल कर 98.37 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है। वहीं बागेश्वर 98.29 प्रतिशत के साथ दूसरे और उधम सिंह नगर 96.75 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने इस उपलब्धि पर सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि जनपद का उद्देश्य केवल रैंकिंग में शीर्ष पर रहना नहीं, बल्कि शासन की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाना है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी महीनों में भी इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन को बनाए रखते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में और अधिक गति लाई जाए तथा जनकेंद्रित और परिणाम आधारित कार्यसंस्कृति को और मजबूत किया जाए।

फोटो – जिलाधिकारी मनीष कुमार


Share This Post