चंपावत: मां पूर्णागिरि धाम पहुंचे बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव, विधि-विधान से की पूजा-अर्चना।

Share This Post

पूर्णागिरि धाम में नतमस्तक हुए अभिनेता राजपाल यादव, बोले— दर्शन करना मेरे जीवन का सौभाग्य।

टनकपुर। बॉलीवुड के प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता एवं हास्य कलाकार राजपाल यादव ने गुरुवार को उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां पूर्णागिरि धाम पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां पूर्णागिरि से देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। अभिनेता के धाम पहुंचने की सूचना मिलते ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों में उत्साह का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोगों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उनका अभिवादन किया।
दोपहर करीब तीन बजे धाम पहुंचे राजपाल यादव की विशेष पूजा पूर्णागिरि मंदिर के पुजारी पंडित मुकेश पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराई। पूजा-अर्चना के दौरान अभिनेता ने माता के चरणों में माथा टेककर आशीर्वाद लिया और कुछ समय तक मंदिर परिसर में रहकर धार्मिक वातावरण का आनंद लिया।
पूजा के बाद पूर्णागिरि मंदिर समिति की ओर से अभिनेता का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया गया। समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी, ग्राम प्रधान पंडित पंकज तिवारी एवं अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें तिलक लगाकर देवी की चुनरी ओढ़ाई तथा मां पूर्णागिरि का चित्र और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर राजपाल यादव ने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम के दर्शन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा और प्राकृतिक सौंदर्य मन को अपार शांति प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम केवल आस्था का प्रमुख केंद्र ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की आर्थिकी और धार्मिक पर्यटन को भी नई पहचान देने वाला महत्वपूर्ण तीर्थस्थल है।
अभिनेता के आगमन से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच विशेष उत्साह देखने को मिला। कई श्रद्धालुओं ने उनके साथ स्मृति चित्र खिंचवाए और उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

फोटो_सिद्धपीठ मां पूर्णागिरि धाम में पूजा-अर्चना के बाद बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव का पारंपरिक रीति-रिवाजों से स्वागत करते मंदिर समिति के पदाधिकारी।


Share This Post