चंपावत: मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से 68 परिवारों को मिली राहत, डीएम मनीष कुमार ने सौंपे सहायता राशि के चेक।

Share This Post

चंपावत। 1जून।  जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाली धामी सरकार ने एक बार फिर संवेदनशील शासन का उदाहरण प्रस्तुत किया है। आर्थिक संकट, गंभीर बीमारी और विपरीत परिस्थितियों से जूझ रहे 68 जरूरतमंद परिवारों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता राशि प्रदान कर राहत पहुंचाई गई। सोमवार को जिला सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने लाभार्थियों को चेक वितरित किए।
कार्यक्रम में भावुक माहौल उस समय देखने को मिला जब सहायता प्राप्त करने वाले कई लाभार्थियों ने कहा कि यह राशि उनके लिए सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि कठिन दौर में मिली नई उम्मीद और संबल है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सहायता से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं और सहायता का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचे।
डीएम ने बताया कि जनता मिलन कार्यक्रम, जन-जन की सरकार अभियान और जन समर्पण पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का गहन परीक्षण कर पात्र व्यक्तियों को सहायता स्वीकृत की गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष उन परिवारों के लिए जीवनरेखा साबित हो रहा है, जो बीमारी, आर्थिक तंगी अथवा अन्य आपात परिस्थितियों से जूझ रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा केवल सहायता देना नहीं, बल्कि संकटग्रस्त परिवारों के जीवन में विश्वास और सुरक्षा का भाव पैदा करना भी है। भविष्य में भी पात्र और जरूरतमंद लोगों को इसी प्रकार सहायता उपलब्ध कराई जाती रहेगी।
सहायता राशि प्राप्त करने वाले शेर सिंह, ईश्वर सिंह बिष्ट, मोहन चन्द्र पाण्डेय, ऊषा जोशी, मिलाप सिंह, प्रकाश नाथ और प्रेम बल्लभ सहित अन्य लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय पर मिली यह सहायता उनके लिए बड़ी राहत लेकर आई है और इससे कठिन परिस्थितियों का सामना करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

फोटो_मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से स्वीकृत सहायता राशि के चेक लाभार्थियों को वितरित करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post