चंपावत: रेस्टोरेंट और पिज्जा सेंटर्स पर खाद्य विभाग का छापा, गंदगी मिलने पर 4 कारोबारियों को नोटिस

Share This Post

चंपावत। पर्यटन सीजन और भीषण गर्मी के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को चम्पावत के रेस्टोरेंट और पिज्जा सेंटर्स पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन देहरादून और जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर चले इस विशेष अभियान में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, किचन की स्वच्छता, हाइजीन और फ्रीजर तापमान की बारीकी से जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में किचन कर्मचारी बिना एप्रन और हेड कैप के काम करते मिले, जबकि कुछ जगहों पर गंदगी और लापरवाही भी सामने आई। इस पर विभाग ने चार खाद्य कारोबारियों को चेतावनी नोटिस जारी करते हुए तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके से पके हुए खाद्य पदार्थों के चार नमूने भी लिए, जिन्हें जांच के लिए राजकीय लैब भेजा गया है। अधिकारियों ने साफ कहा कि रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने सभी होटल, रेस्टोरेंट और फास्ट फूड संचालकों को गर्मी के मौसम में खाद्य सामग्री सुरक्षित रखने, फ्रोजन फूड के लिए सही तापमान बनाए रखने और किचन में स्वच्छता नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
इस कार्रवाई में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी और सहायक दिनेश फर्त्याल शामिल रहे।

फोटो_ खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी के दौरान रेस्टोरेंट और पिज्जा सेंटर्स की जांच करती अधिकारी।


Share This Post