संविधान निर्माता को भावपूर्ण श्रद्धांजलि, जिलाधिकारी बोले “भारतीय संविधान में बसती है डॉ. अंबेडकर की आत्मा”।
लोहाघाट/चंपावत। भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 136वीं जयंती के अवसर पर लोहाघाट नगर में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान नगर में जहां बाबा साहेब की आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई, वहीं विभिन्न स्थानों पर आयोजित समारोहों में उनके जीवन, संघर्ष और योगदान को याद किया गया।
अनुसूचित जाति छात्रावास में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि डॉ. अंबेडकर कोई साधारण व्यक्तित्व नहीं थे, बल्कि भारतीय संविधान में उनकी आत्मा समाहित है। उन्होंने बताया कि बाबा साहेब ने विश्व के अनेक देशों के संविधानों का गहन अध्ययन कर भारत को एक सशक्त संवैधानिक व्यवस्था दी, जिसके प्रति पूरा देश सदैव कृतज्ञ रहेगा। उन्होंने कहा कि संविधान केवल कागज का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश को मार्गदर्शन देने वाली जीवंत शक्ति है। कार्यक्रम में सामाजिक समरसता और संविधान की रक्षा का संकल्प लिया गया। हरीश द्वारा त्रिरत्न शरणागति का वाचन किया गया, जबकि कुमाऊं लोक संस्कृति कला दर्पण के कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। जिलाधिकारी ने बाबा साहेब के चित्र का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, एसडीएम नितेश डांगर, गोविंद बोहरा, शेखर गोरखा,सचिन जोशी, दयाल कुमार, राम बहादुर, दिवानी राम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
चंपावत: लोहाघाट में गूंजा बाबा साहेब का जयघोष, 136वीं जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा।
