237 करोड़ की लागत से बन रहा आधुनिक खेल परिसर, जुलाई से ही शुरू होगा शैक्षणिक सत्र; निर्माण के साथ पढ़ाई भी चलेगी।
लोहाघाट। जनपद में खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने आज लोहाघाट के छमनिया चौड में निर्माणाधीन उत्तराखंड के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। करीब 237 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के माध्यम से प्रदेश की बेटियों को उच्चस्तरीय खेल प्रशिक्षण देकर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी जुलाई माह से ही यहां शैक्षणिक सत्र शुरू करने की तैयारी पूरी की जाए, ताकि निर्माण कार्य के साथ-साथ पढ़ाई भी सुचारू रूप से चलती रहे। फिलहाल स्टेडियम के समीप स्थित हॉल को अस्थायी रूप से कक्षाओं के संचालन के लिए तैयार किया जा रहा है। करीब 300 छात्राओं की क्षमता वाले इस स्पोर्ट्स कॉलेज में छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर, प्रशासनिक भवन, अकादमिक ब्लॉक, मल्टीपरपज हॉल, ऑडिटोरियम और गेस्ट हाउस जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। हालांकि, कॉलेज के पूर्ण निर्माण के लिए वर्ष 2027 तक की समय सीमा निर्धारित की गई है।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने श्रमिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के साथ ही आसपास स्थित आईटीबीपी कैंप, गांव, नवोदय विद्यालय और कृषि विज्ञान केंद्र को धूल से बचाने के लिए प्रभावी उपाय करने के निर्देश दिए।
पेयजल व्यवस्था को लेकर भी जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाई और कहा कि अभी से स्थायी समाधान तैयार करना आवश्यक है। उन्होंने जलागम क्षेत्र के संरक्षण, नए जल स्रोत विकसित करने तथा रूफ वाटर हार्वेस्टिंग के माध्यम से वर्षा जल संचयन को अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश दिए। इस संबंध में जल्द ही संबंधित विभागों की बैठक आयोजित कर विस्तृत योजना बनाई जाएगी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, एसडीएम नितेश डांगर सहित कार्यदायी संस्था के अधिकारी एवं अन्य संबंधित मौजूद रहे।
फोटो – उत्तराखंड के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माणाधीन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।
चंपावत: लोहाघाट में बनेगा उत्तराखंड का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, डीएम मनीष कुमार ने किया स्थलीय निरीक्षण।
