

कलेक्ट्रेट गेट पर रोके जाने से भड़के कार्यकर्ता, मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग।
चंपावत। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चल रही सियासी बहस सोमवार को चंपावत में भी सड़क पर उतर आई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट कूच कर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों की स्वतंत्र जांच और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। इसमें मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई और उन्हें पद से हटाने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और सत्यापन की प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल हैं। उन्होंने मतदाता सूचियों में हुए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा कराने की मांग की।
कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर कार्यकर्ताओं को रोक दिए जाने से माहौल गरमा गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से ज्ञापन देने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें गेट पर ही रोक दिया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी कर विरोध जताया। जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल ने कहा कि कांग्रेस मतदाता के वोट की सुरक्षा और लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही के सवाल पर पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस्तीफे की मांग भी उठाई।
कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों की जांच और जरूरत पड़ने पर दोबारा चुनाव कराने की मांग उठाई। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के पूर्ण बहुमत से सत्ता में आने तथा चंपावत की दोनों सीटों पर जीत का दावा किया।
SIR को लेकर कांग्रेस लगातार निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाती रही है। कांग्रेस का कहना है कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और सत्यापन की प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए। वहीं निर्वाचन आयोग ने अलग-अलग राय और टिप्पणियों को संस्थागत विचार-विमर्श का हिस्सा बताया है।
प्रदर्शन में मुन्ना ढेक, निर्मला गहतोड़ी, बिमला महरा, रंजीत अधिकारी, दिग्विजय कार्की, लोकेश पांडे, सचिन महरा, आशीष बिष्ट, वीएन शर्मा, अभिषेक तरागी, रोहन महरा, नीरज कलाकोटी, पवन ढेक, ललित कलाकोटी, संजय कुंवर, नीरज पांडे, तुषार वर्मा, कमल रैंसवाल, सोनू सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फोटो_कलेक्ट्रेट गेट पर प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता।




