चंपावत: संघर्ष से सफलता तक- लधियाघाटी के राकेश और मनोज बने उप शिक्षा अधिकारी, युवाओं के लिए बने प्रेरणा स्रोत।

Share This Post

संजय देव के मार्गदर्शन और कठिन परिश्रम ने बदली तकदीर, मुख्यमंत्री धामी और डीएम मनीष कुमार ने दी बधाई।

लोहाघाट। 2 जून । यदि लक्ष्य को पाने का जुनून हो, संघर्ष करने का साहस हो और सही मार्गदर्शन मिल जाए तो आर्थिक अभाव भी सफलता की राह नहीं रोक सकते। इसका जीवंत उदाहरण लोहाघाट की लधियाघाटी क्षेत्र के दो युवाओं राकेश कुमार और मनोज सिंह ने प्रस्तुत किया है, जिन्होंने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की राज्य सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त कर उप शिक्षा अधिकारी पद पर चयनित होकर पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
कालीगांव के साधारण परिवार से आने वाले राकेश कुमार वर्तमान में उत्तराखंड सचिवालय में सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) के पद पर कार्यरत हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया और निरंतर मेहनत के बल पर यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। राकेश का कहना है कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, इसके लिए केवल कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति ही सबसे बड़ा मंत्र है।
वहीं लधियाघाटी क्षेत्र के मनोज सिंह ने भी संघर्षों से भरे जीवन के बीच अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने पढ़ाई जारी रखी और अपने बड़े भाई के सहयोग से आगे बढ़ते हुए उप शिक्षा अधिकारी का प्रतिष्ठित पद हासिल किया। उनके बड़े भाई वर्तमान में वन विभाग में फॉरेस्ट गार्ड के पद पर कार्यरत हैं और उन्होंने मनोज के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इन दोनों युवाओं की सफलता के पीछे समाजसेवी एवं शिक्षाविद् संजय देव का मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वर्षों से क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को दिशा देने और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करने वाले संजय देव के प्रयासों का परिणाम है कि आज लधियाघाटी के कई युवा विभिन्न उच्च पदों पर सेवाएं दे रहे हैं। राकेश कुमार और मनोज सिंह की उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया है कि गांवों की प्रतिभाएं अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर किसी भी मुकाम को हासिल कर सकती हैं। दोनों युवाओं की इस उपलब्धि से क्षेत्र के विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को नई प्रेरणा और ऊर्जा मिली है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि चंपावत की प्रतिभाएं लगातार राज्य स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं, जिससे जनपद का गौरव बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से इन सफलताओं से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने भी राकेश कुमार और मनोज सिंह को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता जनपद के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने दोनों प्रतिभाओं को जिला मुख्यालय में सम्मानित किए जाने की घोषणा भी की है।

फोटो – उप शिक्षा अधिकारी पद पर चयनित राकेश कुमार एवं मनोज सिंह।


Share This Post