चंपावत: सड़क के नाम पर 21 साल से इंतजार! बर्दाखान-बिसराड़ी-आली मार्ग पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा।

Share This Post

कल (सोमवार) को कलक्ट्रेट पहुंचेंगे ग्रामीण।

बाराकोट/चंपावत। बाराकोट क्षेत्र की बर्दाखान-बिसराड़ी-आली मोटर
सड़क के सुधारीकरण और डामरीकरण में हो रही देरी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। रविवार को सड़क सुधारीकरण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से सड़क की बदहाली झेल रहे क्षेत्रवासियों को अब सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क सुधारीकरण का काम शुरू होने का इंतजार है। ग्रामीण सोमवार को चंपावत कलक्ट्रेट पहुंचकर समस्या को जिलाधिकारी के समक्ष रखेंगे।
बाराकोट के पूर्व ज्येष्ठ उप प्रमुख नंदा बल्लभ बगौली के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए बताया कि वर्ष 2005 में बनी करीब छह किलोमीटर लंबी सड़क में आली से बिसराड़ी तक लगभग तीन किलोमीटर हिस्से का अब तक डामरीकरण नहीं हो पाया है। आधी सड़क कच्ची होने के कारण ग्रामीणों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। बारिश के दौरान मार्ग की स्थिति और खराब हो जाती है।
इधर, सड़क के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए 292 लाख रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। लोनिवि लोहाघाट के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल बताया गया कि धनराशि अधिक होने के कारण प्रस्ताव को शासन से स्वीकृति नहीं मिल पाई। इसके बाद मरम्मत कार्य के लिए प्रस्ताव को संशोधित कर नए सिरे से शासन को भेजा गया है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद सड़क सुधारीकरण की कार्यवाही शुरू की जाएगी।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क सुधारीकरण को लेकर पूर्व में भी विभाग की ओर से आश्वासन दिए गए, लेकिन काम शुरू नहीं हो सका। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान ग्रामीणों ने सड़क सुधारीकरण नहीं होने पर चुनाव बहिष्कार का ऐलान किया था। उस समय जिलाधिकारी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने बहिष्कार का निर्णय वापस लेकर मतदान में भाग लिया था। ग्रामीणों का कहना है कि इसके बावजूद करीब एक वर्ष बीतने के बाद भी सड़क सुधारीकरण की दिशा में ठोस प्रगति नहीं हुई है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि 27 जुलाई को कलक्ट्रेट में समस्या उठाने के बाद भी यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने शासन-प्रशासन से संशोधित आगणन को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर सड़क के सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य शुरू कराने की मांग की है। प्रदर्शन में शंकर सिंह चौधरी, पूरन नाथ, नारायण नाथ, शंकर नाथ, महेंद्र नाथ, कुंवर सिंह समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।

फोटो_बर्दाखान-बिसराड़ी-आली मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण।


Share This Post