चंपावत: सीटों की कमी से छात्रों का भविष्य संकट में! इतिहास-राजनीति विज्ञान में सीटें बढ़ाने को गरजे छात्र।

Share This Post

चंपावत। एसएसजे परिसर चंपावत में बीए प्रथम सेमेस्टर की सीमित सीटों को लेकर छात्र-छात्राओं का आक्रोश सामने आया है। इतिहास एवं राजनीति विज्ञान विषयों में सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर छात्र नेता भानु तड़ागी के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने डीएसडब्ल्यू के माध्यम से कुलपति को ज्ञापन भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। छात्रों का कहना है कि एक ओर जिले के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सीटों की कमी के कारण विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए दूसरे जिलों का रुख करना पड़ रहा है। हर वर्ष बड़ी संख्या में विद्यार्थी मनचाहे विषय में प्रवेश से वंचित रह जाते हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्रों के लिए बाहर जाकर पढ़ाई करना और भी मुश्किल हो जाता है।

छात्र नेता भानु तड़ागी ने कहा कि सीटों की कमी को छात्रों के भविष्य की बाधा नहीं बनने दिया जाएगा। परिसर में विद्यार्थियों की संख्या और मांग को देखते हुए इतिहास एवं राजनीति विज्ञान में सीटों की संख्या तत्काल बढ़ाई जानी चाहिए।
विद्यार्थियों ने कहा कि यह सिर्फ सीटें बढ़ाने की मांग नहीं, बल्कि जिले के युवाओं को अपने ही जिले में पढ़ने का अवसर और समान शैक्षिक अधिकार दिलाने का विषय है।

ज्ञापन देने वालों में हिमांशु कार्की, दीपक भट्ट, पीयूष तिवारी, हिमांशु सक्टा, नीरज बोहरा, पंकज बोहरा, अक्षय रावत, समीर कार्की, करन मेहरा, विनीता, गरिमा, तनुजा, राधा, मानसी, ज्योति, निर्मला, तुलसी, किरन समेत कई छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

फोटो_सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर छात्र नेता भानु तड़ागी के नेतृत्व में डीएसडब्ल्यू को ज्ञापन सौंपते छात्र-छात्राएं।


Share This Post