चंपावत: स्मैक के सौदागर पर पुलिस का शिकंजा, 14.25 ग्राम नशे के जहर संग गिरफ्तार।

Share This Post

चंपावत/टनकपुर। 1जून।   युवाओं की जिंदगी को नशे की गर्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ चम्पावत पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। सोमवार को टनकपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 14.25 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों में खलबली मच गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री उत्तराखंड” संकल्प के तहत चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत के नेतृत्व में कोतवाली टनकपुर पुलिस टीम ने सोमवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने पूर्णागिरि राइस मिल के पीछे स्थित खाली प्लॉट के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 14.25 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में उसने अपना नाम गौरव कुमार उर्फ गुड्डू (38 वर्ष) पुत्र राम सजीवन निवासी वर्मा लाइन, वार्ड नंबर-3, टनकपुर बताया।
पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ कोतवाली टनकपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी स्मैक कहां से लाता था और किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत आपराधिक इतिहास रहा है। ऐसे में पुलिस उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई में जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल डायल 112 अथवा निकटतम पुलिस थाना-चौकी को सूचना दें।
कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक तेज कुमार, हेड कांस्टेबल कमल कुमार तथा कांस्टेबल दीपक सिंह शामिल रहे।

फोटो_टनकपुर में 14.25 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार आरोपी एवं कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम।


Share This Post