जहर पर वार_ चंपावत में फेल हुए 7 सैंपल, 4.20 लाख का जुर्माना, मॉल में ताबड़तोड़ छापा।

Share This Post

चंपावत। जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ चम्पावत में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ा प्रहार किया है। जांच में 7 खाद्य नमूने अधोमानक पाए जाने पर विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए कुल ₹4.20 लाख का जुर्माना ठोक दिया। खाद्य विश्लेषक, रूद्रपुर की रिपोर्ट के आधार पर दोषी कंपनियों और कारोबारियों के खिलाफ अदालत में वाद दायर किए गए थे। इन मामलों का निपटारा करते हुए अपर जिलाधिकारी/न्याय निर्णायक अधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए भारी जुर्माना लगाया।
सबसे बड़ा मामला टनकपुर का सामने आया, जहां Nature Fresh Purita Mustard Oil का नमूना हाई बीआर वैल्यू के कारण फेल हो गया। इस पर राजस्थान की निर्माता कंपनी पर ₹2 लाख का जुर्माना लगाया गया।
इसके अलावा चंपावत की अजवाइन पर कानपुर की कंपनी को ₹50 हजार, बनबसा की मिठाई पर ₹20 हजार और लोहाघाट के नमक में गड़बड़ी मिलने पर ₹55 हजार का जुर्माना ठोका गया। बनबसा के एक अन्य उत्पाद में फैट कम मिलने पर गुजरात की कंपनी पर ₹50 हजार की कार्रवाई हुई। वहीं टनकपुर और लोहाघाट की डेयरियों के नमूने भी फेल निकले, जिन पर क्रमशः ₹25 हजार और ₹20 हजार का जुर्माना लगाया गया।

खाद्य सुरक्षा टीम ने सोमवार को चंपावत बाजार के एक मॉल में औचक निरीक्षण कर हड़कंप मचा दिया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था और बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई।
टीम ने मौके से रस्क और रोस्टेड सूजी के 2 सैंपल लेकर जांच के लिए रूद्रपुर प्रयोगशाला भेजे हैं।
विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि मिलावटखोरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और रिपोर्ट आते ही आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसी क्रम में कार्रवाई टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी और सहायक दिनेश फर्त्याल मौजूद रहे।


Share This Post