समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
चंपावत। जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक एवं विकास से जुड़ी समस्याएं खुलकर जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इस दौरान कुल 92 शिकायतें दर्ज की गईं, जिन पर जिलाधिकारी ने गंभीरता के साथ संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का समाधान मौके पर ही संभव है, उनका तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शेष मामलों में निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी कार्यवाही करते हुए आख्या प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान कई मामलों में मौके पर ही कार्रवाई की दिशा तय की गई। ग्राम मंगोली की सरोज देवी को रोजगार से जोड़ने हेतु महिला स्वयं सहायता समूह के माध्यम से अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम बडोली में स्ट्रीट लाइट की समस्या पर उरेडा को सोलर लाइट लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं रौतेली टम्टा में भूमि कटान मुआवजा प्रकरण पर उपजिलाधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई कर राहत प्रदान करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा आधार कार्ड संशोधन, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास स्वीकृति, पेयजल संकट के समाधान, विकलांग पेंशन, निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण, नंदा गौरा योजना तथा मत्स्य पालन जैसी योजनाओं से संबंधित शिकायतों पर भी विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।
जिलाधिकारी ने पूर्व में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायतकर्ता को की गई विभागीय कार्यवाही की जानकारी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि इससे प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी और आमजन का विश्वास और मजबूत होगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह डिगारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो_ जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनते जिलाधिकारी मनीष कुमार।
चंपावत: जनता मिलन में उमड़ा जनविश्वास, 92 शिकायतों पर त्वरित निस्तारण के निर्देश।
