

कथित वीआईपी की भूमिका सार्वजनिक करने की मांग, दुष्यंत कुमार गौतम की राज्यपाल नियुक्ति पर भी जताया विरोध।
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग और भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने देहरादून में बाइक रैली निकालकर प्रदर्शन किया। शिमला बाईपास से शुरू हुई रैली जीएमएस रोड और बल्लूपुर होते हुए घंटाघर पहुंची। यहां इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन का समापन हुआ। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी की भूमिका सार्वजनिक करने की मांग उठाई। भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक सहित अन्य मुद्दों पर भी सरकार को घेरा।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में निकाली गई रैली में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, सह-प्रभारी सुरेंद्र सिंह और गुरदीप सिंह सप्पल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह, भारत सिंह रावत और विधायक भुवन कापड़ी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद नेताओं ने इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि अंकिता भंडारी ने उत्तराखंड की अस्मिता, मान-सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपनी जान गंवाई। उन्होंने कहा कि हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर आज भी सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में मामले से जुड़े सवालों का स्पष्ट जवाब सामने आना चाहिए। रावत ने अंकिता के माता-पिता को न्याय दिलाने की मांग करते हुए कहा कि यह किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड के सम्मान की लड़ाई है।
वहीं, कांग्रेस विधायक भुवन कापड़ी ने आरोप लगाया कि अंकिता हत्याकांड में शुरुआत से ही कथित वीआईपी को बचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्यों को नुकसान पहुंचाए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कार्रवाई के बावजूद कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर सवाल बने हुए हैं। कापड़ी ने कहा कि सीबीआई जांच की मांग के बावजूद जनता के मन में उठ रहे सवालों का जवाब मिलना जरूरी है।
कांग्रेस नेताओं ने दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर भी सवाल उठाए और कहा कि अंकिता हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं को लेकर स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अंकिता को न्याय दिलाने और प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा।
फोटो_देहरादून में अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर बाइक रैली निकालते कांग्रेस कार्यकर्ता।



