लटोली के सपूत को विशिष्ट सैन्य सेवाओं के लिए देश के सर्वोच्च सम्मानों में शामिल PVSM से अलंकृत, जिले में गर्व और खुशी की लहर।
चंपावत, 30 जून। सीमाओं पर अदम्य साहस, अनुशासित नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के प्रति आजीवन समर्पण का सम्मान मंगलवार को उस समय पूरे चंपावत के लिए गौरव का क्षण बन गया, जब जनपद के लटोली गांव निवासी भारतीय सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM) से अलंकृत किया। देश के सर्वोच्च सैन्य सम्मानों में शामिल यह सम्मान मिलने के साथ ही चम्पावत में खुशी की लहर दौड़ गई और लोगों ने इसे पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का पल बताया।
लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी का सैन्य जीवन साहस, नेतृत्व और उत्कृष्ट सेवा का पर्याय रहा है। उन्होंने श्रीलंका में ऑपरेशन पवन, पूर्वोत्तर भारत में आतंकवाद विरोधी अभियानों तथा जम्मू-कश्मीर में ऑपरेशन रक्षक जैसे संवेदनशील सैन्य अभियानों में प्रभावी नेतृत्व किया। भारतीय सेना की प्रतिष्ठित स्ट्राइक-1 कोर के कमांडर और महू स्थित इन्फैंट्री स्कूल के कमांडेंट के रूप में भी उन्होंने अपनी रणनीतिक क्षमता और नेतृत्व कौशल का उत्कृष्ट परिचय दिया।
उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए इससे पूर्व उन्हें सेना मेडल (SM) और अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) से भी सम्मानित किया जा चुका है। अब परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित होकर उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया कि चम्पावत की धरती ने देश को ऐसा सपूत दिया है, जिसकी सेवाओं पर पूरा राष्ट्र गर्व करता है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गजेंद्र जोशी को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल एक सैनिक का सम्मान नहीं, बल्कि पूरे चंपावत की अस्मिता, गौरव और देशभक्ति का सम्मान है। उन्होंने कहा कि लेफ्टिनेंट जनरल जोशी ने अपने अद्वितीय साहस, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण से भारतीय सेना की गौरवशाली परंपरा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि चंपावत के प्रत्येक नागरिक को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व है और जनपद उनके उज्ज्वल योगदान को सदैव सम्मान के साथ याद रखेगा।
फोटो_ राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM) प्राप्त करते चंपावत जनपद के लटोली गांव निवासी भारतीय सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी।

