हल्द्वानी में कांग्रेस का शंखनाद, खड़गे ने 2027 के लिए फूंका चुनावी बिगुल।

Share This Post

हल्द्वानी की रैली ने भरी नई ऊर्जा, उत्तराखंड में बदलाव तय- चिराग फर्त्याल।

हल्द्वानी/चंपावत। उत्तराखंड में कांग्रेस की ओर से हल्द्वानी में आयोजित शंखनाद रैली में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा और आरएसएस पर जमकर निशाना साधा। रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और जनता जुटी। कांग्रेस ने इसे 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों का आगाज बताया।

खड़गे ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल चले। उन्होंने युवाओं, किसानों, गरीबों और छात्रों की आवाज उठाने का दावा करते हुए भाजपा-आरएसएस पर आजादी के आंदोलन में योगदान नहीं देने का आरोप लगाया।
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि शंखनाद रैली से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह आया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने दावा किया कि उत्तराखंड में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनना शुरू हो गया है। रैली के जरिए कांग्रेस ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ भाजपा के खिलाफ राजनीतिक मोर्चा मजबूत करने का संदेश दिया।

रैली में चंपावत कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि खड़गे को सुनने के लिए भारी संख्या में कार्यकर्ता और जनता पहुंची। कार्यकर्ताओं और जनता का जोश देखने लायक रहा। उन्होंने कहा कि शंखनाद रैली से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आई है और निश्चित रूप से उत्तराखंड में परिवर्तन देखने को मिलेगा।


Share This Post