

मोबाइल मेडिकल यूनिट का शुभारंभ, श्रमिक परिवारों को विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह और डिजिटल रिपोर्ट भी मिलेगी।
चंपावत। श्रमिक परिवारों के लिए शनिवार का दिन राहत और सुविधा की बड़ी खबर लेकर आया। गोरलचौड़ मैदान में आयोजित श्रमिक कल्याण शिविर में मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत आधुनिक मोबाइल मेडिकल यूनिट का शुभारंभ किया गया। अब जिले के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके आश्रितों को घर के नजदीक ही 44 प्रकार की स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और डिजिटल स्वास्थ्य रिपोर्ट की सुविधा निःशुल्क मिलेगी।
शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की। दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय मुख्य अतिथि और दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी विशिष्ट अतिथि रहीं। मोबाइल मेडिकल यूनिट को श्रमिक परिवारों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। जांच के बाद रिपोर्ट डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है।
शिविर में केवल स्वास्थ्य सुविधा ही नहीं, बल्कि श्रमिकों के बच्चों की पढ़ाई और परिवार की स्वच्छता का भी ख्याल रखा गया। पंजीकृत श्रमिकों के कक्षा 1 से 12 तक पढ़ने वाले बच्चों को निःशुल्क एजुकेशन किट और पात्र श्रमिकों को हाइजीन किट वितरित की गई। इसके अलावा स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श, योजनाओं की जानकारी, पंजीकरण और सत्यापन की सुविधा भी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई।
दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय ने कहा कि श्रमिकों के परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। मोबाइल मेडिकल यूनिट से दूरदराज के श्रमिक परिवारों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वच्छता से जुड़ी योजनाएं श्रमिक परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण साबित होंगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि कोई भी पात्र श्रमिक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया में हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शिविर में योजनाओं का लाभ ममता देवी, सुनीता जोशी, हेमा जोशी, गंगा देवी, रेखा देवी, विनीता महर, पुष्पा देवी और संगीता देवी समेत अन्य पंजीकृत श्रमिक परिवारों को दिया गया। पूरी प्रक्रिया को डिजिटल बनाया गया। पंजीकरण से लेकर सत्यापन, सामग्री वितरण, फोटोग्राफी और जीपीएस आधारित उपस्थिति तक ऑनलाइन दर्ज की गई।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा,मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, जिला विकास अधिकारी दिनेश दिगारी, सहायक श्रम आयुक्त दीपक कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी देवेश पांडे सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पंजीकृत निर्माण श्रमिक मौजूद रहे।

फोटो_गोरलचौड़ में मोबाइल मेडिकल यूनिट का शुभारंभ और श्रमिक परिवारों को किट वितरित करते दर्जा राज्य मंत्री एवं डीएम मनीष कुमार।





