

मीना बाजार से गोरखा नगर तक सघन जांच, जनरल स्टोरों में योजना सामग्री से लेकर एक्सपायरी और प्रतिबंधित सामान तक की पड़ताल
लोहाघाट। दुकानों में योजना से संबंधित सामग्री पहुंचने की शिकायत सामने आते ही जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर शनिवार को लोहाघाट नगर क्षेत्र में प्रशासन, विकास विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने सघन जांच अभियान चलाया। मीना बाजार, खड़ी बाजार, स्टेशन बाजार और गोरखा नगर में कई दुकानों व जनरल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया गया। उप जिलाधिकारी लोहाघाट नीतू डांगर, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने दुकानों में योजना से संबंधित सामग्री, एक्सपायरी सामान और प्रतिबंधित वस्तुओं की जांच की। अधिकारियों ने दुकानों में उपलब्ध सामग्री और स्टॉक को बारीकी से खंगाला। जांच के दौरान शिकायत में बताए गए किसी भी प्रकार के सामान की बरामदगी नहीं हुई। प्रशासन ने जांच के बाद शिकायत को निराधार बताया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। जांच टीम ने दुकानदारों को भी स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में किसी प्रतिष्ठान में नियमों का उल्लंघन या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
फोटो_लोहाघाट में दुकानों का निरीक्षण करती प्रशासन की संयुक्त टीम।




