

अमोड़ी-छतकोट मार्ग से मलबा हटवाकर यातायात कराया सुचारु, 5 किमी पैदल चलकर पहुंचे आपदा प्रभावितों तक
चंपावत। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच तहसील क्षेत्र में आपदा की स्थिति का जायजा लेने के लिए प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया है। रविवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर उपजिलाधिकारी विपिन चंद्र पंत ने विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अमोड़ी-छतकोट वैकल्पिक मोटर मार्ग पर पेड़ और मलबा आने से यातायात बाधित होने की सूचना पर एसडीएम खुद मौके पर पहुंचे और मलबा हटवाकर मार्ग पर यातायात सुचारु कराया।
इसके बाद एसडीएम करीब चार से पांच किलोमीटर पैदल चलकर ग्राम पंचायत कोट अमोड़ी के तोक सैन्दर्क पहुंचे। यहां बारिश से डिगरी देवी पत्नी स्व. चुणामड़ी और प्रकाश चंद्र पुत्र हरिदत्त के आवासीय भवनों को नुकसान पहुंचने की सूचना थी। एसडीएम ने राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त भवनों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद संबंधित राजस्व उपनिरीक्षक को प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अहेतुक मद और गृह अनुदान से राहत राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। प्रभावित परिवारों को फिलहाल उनके परिजनों के आवास में ठहराया गया है। एसडीएम ने कहा कि आपदा मानकों के अनुसार प्रभावितों को राहत राशि दी जाएगी।
बॉक्स_
स्वाला में एनएच की स्थिति भी परखी_
एसडीएम पंत ने स्वाला स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों से सड़क की स्थिति की जानकारी ली और यातायात को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी राजस्व निरीक्षकों और राजस्व उपनिरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में बने रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आपदा की स्थिति में संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने को कहा है।
एसडीएम ने लोगों से नदी-नालों और संवेदनशील स्थानों से दूरी बनाए रखने की अपील की। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल आपदा कंट्रोल रूम को देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य गोविंद बल्लभ भट्ट, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बालकृष्ण भट्ट, राजस्व निरीक्षक छत्र सिंह बोहरा, राजस्व उपनिरीक्षक हरीश गहतोड़ी, जीवन सिंह रिंगवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
फोटो_बारिश से बाधित अमोड़ी-छतकोट मार्ग पर मौके पर पहुंचे एसडीएम विपिन चंद्र पंत।





