जर्मनी-जापान में ₹2.5 लाख तक सैलरी—भाषा प्रशिक्षण के साथ सरकार दे रही अंतरराष्ट्रीय रोजगार का मंच।
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार युवाओं को रोजगार के नए आयाम देने की दिशा में बड़ा कदम उठा रही है। अब प्रदेश के युवाओं को सिर्फ देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी आकर्षक और सम्मानजनक रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह महत्वाकांक्षी पहल युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। राज्य सरकार का उद्देश्य युवाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और उच्च वेतन वाले रोजगार से जोड़ना है।
इस योजना के तहत उत्तराखंड कौशल विकास मिशन के माध्यम से युवाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अधिकृत प्रशिक्षण संस्थानों के सहयोग से जर्मन और जापानी भाषाओं का विशेष प्रशिक्षण कराया जा रहा है, जिससे युवाओं को नर्सिंग, एल्डरली केयर (बुजुर्गों की देखभाल) और होटल उद्योग जैसे क्षेत्रों में दक्ष बनाया जा सके।
प्रशिक्षण के बाद युवाओं को जर्मनी और जापान जैसे विकसित देशों में रोजगार के अवसर मिलेंगे, जहां उन्हें ₹1 लाख से ₹2.5 लाख प्रति माह तक का आकर्षक वेतन प्राप्त हो सकता है। इसके अलावा ग्रीस, रूस, मध्य एशिया और मिडिल ईस्ट देशों में भी सीधे रिक्रूटमेंट के जरिए नौकरियों के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं और जल्द से जल्द आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करें। यह पहल न सिर्फ युवाओं के भविष्य को नई दिशा देगी, बल्कि चंपावत की प्रतिभा को वैश्विक पहचान दिलाने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
फोटो – जिलाधिकारी मनीष कुमार
चंपावत: विदेश में नौकरी का सुनहरा मौका: चंपावत के युवाओं के लिए खुला ग्लोबल कैरियर का रास्ता।
