

नागार्जुन पार्क का लोकार्पण, बनबसा में नशामुक्ति अभियान का आगाज; खिलाड़ियों को मिलेगा सम्मान।
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज (रविवार )को चंपावत और बनबसा के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे। दौरे के दौरान विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ ही नवनिर्मित नागार्जुन पार्क का उद्घाटन करेंगे। वहीं, बनबसा में नशामुक्ति अभियान की शुरुआत करने के साथ खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे चंपावत स्थित सर्किट हाउस हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। दोपहर एक बजे नागार्जुन पार्क पहुंचकर नवनिर्मित पार्क का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद होटल न्यू तिवारी में जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 3:35 बजे हेलीकॉप्टर से बनबसा के एनएचपीसी हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से पाटनी तिराहे पहुंचकर शाम 4:10 बजे ‘रन फॉर नशा मुक्ति अभियान’ का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान सीएसआर के तहत टाटा योद्धा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। साथ ही नवनिर्मित हनुमान मंदिर में मूर्ति का अनावरण और सुंदरकांड पाठ में सहभागिता करेंगे।
मुख्यमंत्री शाम 4:50 बजे बनबसा मिनी स्टेडियम पहुंचेंगे। यहां बैडमिंटन कोर्ट सहित अन्य निर्माण कार्यों का शुभारंभ करेंगे। खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार और खेल किट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन करेंगे। कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री शाम 5:50 बजे खटीमा स्थित अपने निजी आवास नगला तराई के लिए रवाना होंगे।
फोटो_मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।




