टैक्सी चालक के बेटे से लेकर ग्रामीण स्कूलों के मेधावी छात्र तक सम्मानित “मैं आपके साथ खड़ा हूं” संदेश से बढ़ा हौसला।
चंपावत। मॉडल जिला चम्पावत में जिलाधिकारी मनीष कुमार की पहल से प्रतिभाशाली युवाओं को लगातार प्रोत्साहन मिल रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से निकलकर युवा अपनी मेहनत और लगन के दम पर नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं, जिससे यह साबित हो रहा है कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती।
जिलाधिकारी द्वारा इन युवाओं को सार्वजनिक मंच पर सम्मानित किए जाने से न केवल उनका मनोबल बढ़ रहा है, बल्कि उनके माता-पिता का भी गौरव बढ़ रहा है। इससे जिले में एक नई कार्य संस्कृति विकसित हो रही है, जहां हर बच्चा सफलता की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित हो रहा है और अभिभावक भी पूरे समर्पण के साथ उनका साथ दे रहे हैं।
इसी क्रम में कोयाटी गांव के टैक्सी चालक के बेटे संदीप कुमार को विदेश मंत्रालय में अनुभाग अधिकारी बनने पर सम्मानित किया गया। वहीं सौरभ जोशी को टैक्स सहायक और विमल अधिकारी को रक्षा मंत्रालय के अधीन लेखाकार/परीक्षक पद पर चयनित होने पर भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा सुदूर ग्रामीण क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज भिगराडा के मेधावी छात्रों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति परीक्षा में सफलता हासिल की। इनमें दिवस चंद्र, शिवम, युवराज, अंकित भट्ट, हिमांशु भट्ट और हेमा जोशी प्रमुख रूप से शामिल रहे।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, “आप मेहनत करते रहिए, मैं आपके सहारे के लिए हमेशा पीछे खड़ा हूं।” उनके इस भावनात्मक संदेश ने छात्रों और उनके अभिभावकों को भीतर तक प्रेरित किया।
इस अवसर पर जीआईसी भिगराडा के प्रधानाचार्य पंकज जोशी को भी सम्मानित किया गया, जिनके मार्गदर्शन में छात्रों ने यह सफलता हासिल की। चम्पावत में प्रतिभाओं को मिल रहा यह प्रोत्साहन अब एक सकारात्मक बदलाव का संकेत बनता जा रहा है, जहां छोटे-छोटे गांवों से निकलकर युवा अपने सपनों को साकार कर रहे हैं।
फोटो – टैक्सी ड्राइवर की सफलता पर माता पिता व पूरे परिवार को सम्मानित करते जिलाधिकारी।
चंपावत: मॉडल जिला चम्पावत में प्रतिभाओं को पंख—डीएम मनीष कुमार ने युवाओं की सफलता को दिया मंच।
