चंपावत। मॉडल जिले चंपावत को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार की पहल अब जनआंदोलन का रूप लेती जा रही है। “यदि हम अपने घर को साफ नहीं रखेंगे तो बाहर से कोई आकर इसे साफ नहीं करेगा” डीएम के इस संदेश ने जिले के युवाओं को गहराई से प्रेरित किया है। चार वर्ष पहले बनी ‘चम्पावत नीट एंड क्लीन’ संस्था को अब नई ऊर्जा मिली है। युवाओं ने इस संदेश को आत्मसात करते हुए प्रत्येक रविवार को नियमित सफाई अभियान शुरू कर दिया है, जिसमें बड़ी संख्या में युवा भागीदारी निभा रहे हैं।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संस्था के सदस्य अनंत विजय और उनकी टीम को सार्वजनिक रूप से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान डीएम ने कहा कि स्वच्छता केवल दिखावे की चीज नहीं, बल्कि यह किसी भी क्षेत्र के लोगों की सोच और संस्कारों का आईना होती है। बाहर से आने वाले लोग भी स्वच्छता देखकर यहां के निवासियों का आकलन करते हैं।
उन्होंने अनंत विजय और उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा, “आप जो कार्य कर रहे हैं, इतिहास आपके पीछे चल रहा है। ऐसे छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े बदलाव और नई मिसालें कायम करते हैं।”
सम्मान प्राप्त करने के बाद भावुक हुए अनंत विजय ने कहा, “आज मुझे अपने ही घर की सफाई करने के लिए सम्मान मिला है। यह मेरे लिए गर्व की बात है और इससे अन्य लोगों को भी इस अभियान से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी।” जिले में तेजी से बढ़ रही इस स्वच्छता मुहिम से अब उम्मीद जगी है कि चम्पावत सच में ‘नीट एंड क्लीन’ मॉडल जिले के रूप में नई पहचान बनाएगा।
फोटो – चंपावत नीट एंड क्लीन को आगे बढ़ा रहे अनन्त विजय व उनकी टीम को सम्मानित करते हुए।
“अपने घर से शुरू करें सफाई” — डीएम मनीष कुमार की पहल से चंपावत में ‘नीट एंड क्लीन’ मुहिम को मिली नई रफ्तार।
