

डीएम मनीष कुमार के दरबार में बढ़ा जनता का भरोसा।
चंपावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार की जनसुनवाई के प्रति जनता का भरोसा लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। कार्यक्रम में 200 से अधिक आवेदन और शिकायतें प्राप्त हुईं।
रोजगार, किसान सम्मान निधि, सड़क, बिजली, पेयजल, भूमि, आर्थिक सहायता, चैनलिंक फेंसिंग, सोलर स्ट्रीट लाइट और पूर्ति विभाग से जुड़े मामले प्रमुख रहे। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

जनता मिलन के दौरान 11 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड मौके पर बनाए गए। डीएम ने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। लिस्ता के उमेद सिंह ने कान की मशीन, दयूरी के पान सिंह बोहरा ने दिव्यांग बच्चे की स्कूल फीस माफी, जबकि टुनकांडे, किमतोली और मौराड़ी के ग्रामीणों ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए चैनलिंक फेंसिंग की मांग रखी। कई ग्रामीणों ने सोलर लाइट और हैंडपंप की मांग भी उठाई।
गुडमांगल, गुरेली, डूंगरालेटी, मडलक पाण्डेय और बगोटी के ग्रामीणों ने लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में महिलाओं के अल्ट्रासाउंड के लिए निर्धारित दिन तय करने की मांग रखी। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सामाजिक कार्यकर्ता दरबान सिंह रजवार द्वारा चम्पावत मोनाल फार्मर कंपनी लिमिटेड से जुड़े वित्तीय अनियमितता के मामले को भी उठाया गया। डीएम ने पुलिस को जांच के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता मिलन में लगातार बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से प्रशासन और जनता के बीच बढ़ते विश्वास की तस्वीर भी सामने आई।
इस अवसर पर सीडीओ जीएस खाती, परियोजना निदेशक अजय सिंह, एसडीएम बीसी पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो_जनता मिलन कार्यक्रम में फरियादियों की समस्याएं सुनते जिलाधिकारी मनीष कुमार।



