चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार, 10 जुलाई को जनपद चंपावत को विकास की दो अहम सौगात देंगे। मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से टनकपुर उप जिला चिकित्सालय में नई स्वास्थ्य सुविधाओं का उद्घाटन करेंगे, जबकि डांडा ककनई से समग्र ग्राम विकास कार्यक्रम (HVDP) का शुभारंभ भी करेंगे।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि सुबह 10 बजे उप जिला चिकित्सालय टनकपुर में दो अत्याधुनिक डायलिसिस मशीनों और एक नई ईसीजी मशीन का लोकार्पण किया जाएगा। इन सुविधाओं के शुरू होने से सीमांत क्षेत्र के मरीजों को बेहतर और आधुनिक उपचार के लिए अब दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने से आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
इसके बाद सुबह 11 बजे राजकीय इंटर कॉलेज, डांडा ककनई से नेस्ले इंडिया एवं बीएआईएफ (BAIF) के सहयोग से संचालित उत्तराखंड CSR-2026 समग्र ग्राम विकास कार्यक्रम (HVDP) का वर्चुअल शुभारंभ किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री क्षेत्र के ग्रामीणों से सीधा संवाद भी करेंगे।
कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, जल संरक्षण, सौर ऊर्जा, ग्राम अवसंरचना, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और स्वरोजगार जैसे विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दी जाएगी। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री की यह पहल ‘आदर्श चम्पावत–विकसित चम्पावत’ के संकल्प को और मजबूत करेगी तथा जिले के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
चंपावत: टनकपुर को स्वास्थ्य सुविधाओं की बड़ी सौगात, डांडा ककनई से समग्र ग्राम विकास अभियान का होगा शुभारंभ।
