चंपावत: टनकपुर में स्मैक तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 8.46 ग्राम स्मैक के साथ दो गिरफ्तार!

Share This Post

ड्रग फ्री उत्तराखण्ड अभियान के तहत चंपावत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दोनों आरोपियों पर पहले से भी दर्ज हैं मुकदमे

चंपावत/टनकपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड’ संकल्प के तहत चलाए जा रहे अभियान में चम्पावत पुलिस ने नशे के कारोबारियों पर एक और बड़ा प्रहार किया है। टनकपुर कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को कुल 8.46 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत के नेतृत्व में मंगलवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान मनिहारगोठ रोड (ग्रिप कैंप के पास) से विशाल मिश्रा (23) के कब्जे से 4.70 ग्राम स्मैक तथा हनुमान मंदिर पार्किंग के पास से सुधीर शर्मा (25) के कब्जे से 3.76 ग्राम स्मैक बरामद की गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार विशाल मिश्रा के खिलाफ वर्ष 2024 में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है, जबकि सुधीर शर्मा पर वर्ष 2023 में चोरी के मामले में मुकदमा दर्ज हो चुका है।
चम्पावत पुलिस ने आमजन से नशे की तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील करते हुए कहा है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

फोटो_टनकपुर में 8.46 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार दोनों आरोपी।


Share This Post