कांग्रेस सचिव आनंद मेहरा ने जताई कड़ी नाराजगी, बोले—संस्कृति से खिलवाड़ करने वालों पर हो सख्त कार्रवाई।
चंपावत। उत्तराखंड की सांस्कृतिक गरिमा पर चोट करने वाले एक विवादित कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक और सामाजिक आक्रोश तेज हो गया है। हरियाणा से आए गायक मासूम शर्मा द्वारा देहरादून स्थित डीएवी कॉलेज के मंच से अभद्र भाषा के प्रयोग पर कांग्रेस सचिव आनंद मेहरा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे “देवभूमि का अपमान” करार दिया है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अपनी समृद्ध लोक परंपराओं, संस्कृति और गौरवशाली विरासत के लिए देश-दुनिया में जाना जाता है। ऐसे पवित्र प्रदेश में मंच से मां-बहनों के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करना न केवल निंदनीय है, बल्कि समाज के मूल्यों पर सीधा प्रहार है। मेहरा ने सवाल उठाया कि जिस कार्यक्रम में खानपुर के निर्दलीय विधायक भी मंच पर मौजूद थे, वहां इस तरह की भाषा का इस्तेमाल होना और उस पर तत्काल रोक न लगना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से अभद्र शब्दों का प्रयोग सुनाई दे रहा है, बावजूद इसके पुलिस प्रशासन द्वारा केवल नोटिस भेजना कई गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ गाली-गलौज का मामला नहीं, बल्कि उत्तराखंड की अस्मिता, संस्कृति और सम्मान के साथ खिलवाड़ है। साथ ही यह स्थानीय कलाकारों की अनदेखी का भी प्रतीक है, जिन्हें ऐसे आयोजनों में प्राथमिकता मिलनी चाहिए। श्री मेहरा ने कहा कि दोषी के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई हो देवभूमि की गरिमा बनाए रखने के लिए कड़े दिशा-निर्देश लागू किए जाएं स्थानीय कलाकारों को मंच पर प्राथमिकता और सम्मान दिया जाए, अंत में उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि देवभूमि की मर्यादा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।
