चंपावत: इस्कपर निर्माण ने मुख्य राजमार्ग की रोकी रफ्तार: नाली में धंसा डंपर, एनएच पर लगा 2 किमी लंबा जाम।

Share This Post

मायावती तिराहे पर अफरा-तफरी, स्कूल बसों समेत सैकड़ों वाहन फंसे एक घंटे बाद बहाल हुआ यातायात


लोहाघाट। राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे इस्कपर निर्माण कार्य ने शनिवार को भारी परेशानी खड़ी कर दी। लोहाघाट के मायावती तिराहे के पास सड़क खुदाई के दौरान एक डंपर कीचड़ भरी नाली में धंस गया, जिससे देखते ही देखते दोनों ओर करीब दो किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार, चल्थी से रेत लेकर आ रहा डंपर निर्माण स्थल के पास फिसलकर नाली में जा धंसा। डंपर को निकालने के कई प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। इसके चलते एनएच पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। जाम में स्कूल बसें, निजी वाहन और रोडवेज बसें फंस गईं, जिससे यात्रियों खासतौर पर छात्र-छात्राओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह के निर्देश पर 112 टीम मौके पर पहुंची और वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर किसी तरह फंसे वाहनों को निकाला। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ठेकेदार द्वारा दो जेसीबी मशीनों की मदद से डंपर को बाहर निकाला गया, तब जाकर यातायात सुचारू हो सका।
स्थानीय लोगों ने एनएच की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि दो-तीन महीने पहले सड़क खोद दी गई थी, लेकिन अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। अधूरे कार्य और लापरवाही के चलते आए दिन लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्य पूर्ण कराने की मांग की है।


फोटो – मायावती तिराहे के पास कीचड़ भरी नाली में धंसा डंपर, जिसे निकालने के दौरान एनएच पर लगा लंबा जाम।


Share This Post