मॉडल जिले में एक पखवाड़े तक चलेंगे आयोजन, सफाई अभियान से लेकर गोष्ठियों और सम्मान समारोह तक तैयारियां पूरी।
चंपावत। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को इस वर्ष विशेष रूप से मनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जयंती पखवाड़े के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में बताया गया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा बाबा साहेब को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने के प्रयासों के बाद अब प्रदेश में भी इस जयंती को व्यापक रूप दिया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की परिकल्पना के तहत चंपावत मॉडल जिले में इसे जन-जागरूकता अभियान के रूप में मनाया जाएगा। जयंती सप्ताह के दौरान जिले के सभी 12 मंडलों और 354 बूथों में अंबेडकर के चित्रों का अनावरण कर गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही दलित बस्तियों, अंबेडकर पार्कों और मूर्ति स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा और दीपोत्सव भी आयोजित होगा। कार्यक्रमों में भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवराज कठायत और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश चंद्र पांडे मुख्य वक्ता के रूप में भाग लेंगे। इसके अलावा सामाजिक समरसता पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे और समाज में अपनी प्रतिभा के बल पर पहचान बनाने वाले लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा। इस अभियान के सफल संचालन के लिए सूरज कुमार को जिला संयोजक और एससी प्रकोष्ठ के सूरज प्रहरी एवं गोविंद प्रसाद को तहसील सह-संयोजक बनाया गया है।
फोटो – डॉ. अंबेडकर जयंती सप्ताह के कार्यक्रमों को अंतिम रूप देते भाजपा जिलाध्यक्ष एवं संयोजक मंडल।
चंपावत में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पखवाड़े की धूम, पूरे जिले में होंगे भव्य कार्यक्रम।
