चंपावत: मायावती आश्रम का जनसेवा अभियान: 4 दिन में 815 मरीजों का मुफ्त इलाज, 134 मोतियाबिंद ऑपरेशन सफल।

Share This Post

विशेष चिकित्सा शिविर संपन्न, जून तक जारी रहेंगी सर्जन डॉ. हरेश शाह की सेवाएं ग्रामीण क्षेत्रों में भी पहुंची स्वास्थ्य सेवा।


लोहाघाट। अद्वैत आश्रम मायावती के धर्मार्थ चिकित्सालय में चार दिनों से चल रहा निशुल्क विशेष चिकित्सा शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। शिविर के दौरान कुल 815 रोगियों का निःशुल्क उपचार किया गया, जबकि सर्जिकल सेवाएं अभी भी जारी रहेंगी। गुजरात से आए सर्जन डॉ. हरेश शाह जून माह तक अपनी सेवाएं देते रहेंगे। चिकित्सालय के प्रभारी स्वामी एकदेवानंद जी महाराज ने बताया कि शिविर में 433 नेत्र रोगियों की जांच की गई, जिनमें से 134 मरीजों के मोतियाबिंद के सफल ऑपरेशन किए गए। इसके अलावा बाल रोग के 37, जनरल मेडिसिन के 300 तथा सर्जिकल के 45 मरीजों का उपचार किया गया। सोमवार को भी सर्जिकल ऑपरेशन जारी रहेंगे।
स्वामी जी ने शिविर में सेवाएं देने वाले सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों और उनकी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इधर, रविवार को चिकित्सालय की ओर से इस वर्ष का दूसरा ग्रामीण निशुल्क चिकित्सा शिविर जीआईसी चौमेल में आयोजित किया गया। इस शिविर में 103 ग्रामीण मरीजों का मुफ्त उपचार किया गया। शिविर का संचालन वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. डी.एस. दुबे, सर्जन डॉ. हरेश शाह, डॉ. अनुज सिंह एवं डॉ. लोकेश जोशी द्वारा किया गया। टीम में सुब्रत चटर्जी, चावला बहिन, पुष्पाली चटर्जी, मनोज, पंकज, सतीश, अनिल, मोनिका और त्रिभुवन उपाध्याय ने भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश जोशी एवं समस्त विद्यालय परिवार ने स्वामी एकदेवानंद जी महाराज और उनकी चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त किया।

फोटो – चौमेल ग्रामीण क्षेत्र में अद्वैत आश्रम मायावती के धर्मार्थ चिकित्सालय द्वारा आयोजित निशुल्क चिकित्सा शिविर में उपचार लेते मरीजों का दृश्य।


Share This Post