11 जून को होगी मतगणना, जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मतदाताओं से लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील की।
चंपावत। नवगठित नगर पंचायत पाटी के प्रथम ऐतिहासिक चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत सभी पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो चुकी हैं और सुरक्षित रूप से निर्धारित बूथों तक पहुंच गई हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी प्रशासनिक एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली गई हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं तथा आदर्श आचार संहिता के पूर्ण पालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
उन्होंने बताया कि पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में निगरानी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही हैं और हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। मतदान प्रक्रिया मंगलवार 9 जून को सुबह 8 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगी। मतदान संपन्न होने के बाद 11 जून को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने नगर पंचायत पाटी के सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या या सहायता की आवश्यकता होने पर मतदाता अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) अथवा बूथ अवेयरनेस ग्रुप (बीएजी) से संपर्क कर सकते हैं।
नगर पंचायत पाटी के पहले चुनाव को लेकर प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय है और क्षेत्र में चुनावी माहौल अपने चरम पर पहुंच चुका है।
फोटो -नगर पंचायत पाटी चुनाव के लिए रवाना होती पोलिंग पार्टियां, मतदान केंद्रों पर पहुंचकर संभाला मोर्चा।
चंपावत: नगर पंचायत पाटी के पहले चुनाव का रण सजकर तैयार, पोलिंग पार्टियां रवाना, कल सुबह 8 बजे से होगा मतदान।

