7 जुलाई तक डिजिटल होगी पूरी प्रक्रिया, जिलाधिकारी मनीष कुमार ने नागरिकों से मांगा सहयोग
चंपावत। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद चंपावत में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की शुरुआत हो गई है। मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से जिलेभर में 344 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) और 56 बीएलओ सुपरवाइजर सक्रिय हो गए हैं। सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे और मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि या अपात्र नाम शामिल न हो।
उन्होंने बताया कि जनपद के प्रत्येक मतदाता तक गणना फार्म पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मतदाताओं से प्राप्त प्रपत्रों को आगामी 7 जुलाई तक बीएलओ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन डिजिटाइज किया जाएगा। इससे पुनरीक्षण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सटीक और तकनीकी रूप से मजबूत बनेगी तथा मतदाता सूची को समयबद्ध तरीके से अपडेट किया जा सकेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जब भी बीएलओ उनके घर पहुंचे तो उन्हें सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान में सक्रिय सहयोग दें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शत-प्रतिशत शुद्ध मतदाता सूची बेहद आवश्यक है और इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। 344 बीएलओ और 56 सुपरवाइजरों की तैनाती घर-घर पहुंचाए जा रहे गणना प्रपत्र 7 जुलाई तक चलेगा डिजिटाइजेशन कार्य। बीएलओ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन अपडेट होगा डेटा लक्ष्य: शत-प्रतिशत शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची
फोटो – राय नगर चौड़ी में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरते बीएलओ।
चंपावत में मतदाता सूची शुद्धिकरण का महाअभियान शुरू, 344 बीएलओ पहुंचे घर-घर।

