चंपावत में सर्वदलीय बैठक आयोजित, बीएलओ सत्यापन और ऑनलाइन सुविधाओं के प्रचार पर दिया जोर।
चंपावत। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान को सफल बनाने और मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को जिला कार्यालय चंपावत में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान को प्रभावी बनाने के लिए राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की गई।
बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी के.एन. गोस्वामी ने की। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची में मौजूद त्रुटियों को दूर करना और प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सही तरीके से दर्ज करना है। इसके लिए बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं और आवश्यक दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए राजनीतिक दलों की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी दल अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर सत्यापन कार्य, नोटिस वितरण, दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण में सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मताधिकार से वंचित न रहे।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग की ‘Book-a-Call with BLO’ सुविधा की जानकारी दी गई। बताया गया कि इस सुविधा के माध्यम से मतदाता सीधे अपने बूथ स्तर अधिकारी से संपर्क कर मतदाता सूची संबंधी जानकारी एवं सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही ECINet ऐप और वोटर हेल्पलाइन-1950 के अधिकाधिक उपयोग के लिए भी लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया गया।
इस दौरान मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण की प्रक्रिया, बूथवार सत्यापन, आवश्यक अभिलेखों, दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण सहित निर्वाचन आयोग की विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मौजूद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने SIR-2026 अभियान को सफल बनाने में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने मतदाता सूची को बेहतर और पारदर्शी बनाने के लिए निर्वाचन विभाग के प्रयासों की सराहना भी की।
बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल, भाजपा के बीएलए-1 (55-चंपावत विधानसभा क्षेत्र) शंकर दत्त पाण्डेय, कांग्रेस प्रतिनिधि सौरभ सिंह, नगर मंत्री चन्द्रशेखर, डीएलएमटी डॉ. नारायण सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र सिंह अधिकारी सहित निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो_ SIR-2026 अभियान को लेकर आयोजित बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी देते अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी के.एन. गोस्वामी।
चंपावत: मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की कवायद तेज, SIR-2026 में राजनीतिक दलों से मांगा सहयोग।
