चंपावत: SIR-2026 पर सियासी दलों की बैठक, मतदाता सूची को लेकर प्रशासन ने मांगा सहयोग।

Share This Post

नोटिसों की सुनवाई और दावों-आपत्तियों के निस्तारण पर चर्चा, भाजपा-कांग्रेस के बीएलए ने रखे सुझाव।

चंपावत। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर सोमवार को कलक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बीएलए-1 के साथ बैठक हुई। बैठक में मतदाता सूची को पारदर्शी, त्रुटिरहित और समयबद्ध तरीके से तैयार करने को लेकर चर्चा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपने-अपने बीएलए की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जा सकें और अपात्र नामों को नियमानुसार हटाया जा सके। बैठक में नोटिस जारी करने, उनकी सुनवाई तथा दावों-आपत्तियों के निस्तारण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में फार्म-6, 7, 8, 9, 10, 11, 11A और 11B की उपयोगिता पर चर्चा हुई। नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम हटाने और मतदाता सूची में संशोधन से संबंधित आवेदनों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया गया। बैठक में भाजपा के गौरव पांडे, कांग्रेस के श्याम सिंह कार्की (55 चंपावत के BLA-1) और धीरज सिंह (54 लोहाघाट के BLA-1) ने प्रतिभाग किया। प्रतिनिधियों ने निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के लिए सुझाव देते हुए प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिया। इस अवसर पर ट्रेनी एसडीएम उज्ज्वल डालाकोटी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र सिंह अधिकारी, जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर डॉ. नारायण सिंह समेत निर्वाचन विभाग के अधिकारी एवं अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।


फोटो_ कलक्ट्रेट में SIR-2026 को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं बीएलए-1 के साथ बैठक करते अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी।


Share This Post