चंपावत: समर्पण की मिसाल- राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित हुए नवीन चंद्र पन्त।

Share This Post

गणित में नवाचार, विज्ञान के प्रति जागरूकता और छात्रों की सफलता ने दिलाया प्रदेश स्तरीय सम्मान।

चंपावत। जनपद के समर्पित और कर्मठ शिक्षक नवीन चंद्र पन्त को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित शैलेश मटियानी राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उनके अथक परिश्रम, अनुशासित कार्यशैली और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
लगभग 20 वर्षों से शिक्षा सेवा में कार्यरत नवीन पन्त ने गणित जैसे विषय को छात्रों के लिए सरल और रुचिकर बनाया है। विशेष रूप से शीतावकाश में बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाओं के आयोजन से विद्यालय के परीक्षा परिणामों में अभूतपूर्व सुधार देखने को मिला है। उनके मार्गदर्शन में दो विद्यार्थियों ने राज्य मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया, जबकि एक छात्र ने गणित में शत-प्रतिशत अंक हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया।
पन्त केवल कक्षा शिक्षण तक सीमित नहीं रहे, बल्कि उन्होंने छात्रों को विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी आगे बढ़ाया। रेड रिबन क्लब क्विज प्रतियोगिता में प्रदेश स्तर पर तृतीय स्थान, इंस्पायर अवार्ड मानक और राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में राष्ट्रीय स्तर तक प्रतिभाग उनकी मार्गदर्शन क्षमता का प्रमाण है।
उनकी प्रतिभा और समर्पण को देखते हुए उन्हें वर्ष 2016 से ब्लॉक विज्ञान समन्वयक, 2022 से राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला समन्वयक तथा 2025 से जिला विज्ञान समन्वयक का दायित्व सौंपा गया है। विज्ञान के प्रचार-प्रसार और वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए उन्हें यूसर्क, उत्तराखंड द्वारा उत्तराखंड विज्ञान शिक्षा प्रसार सम्मान 2023 से भी सम्मानित किया जा चुका है।
नवीन पन्त भारत अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव और राष्ट्रीय शिक्षक विज्ञान कांग्रेस में प्रतिभाग कर चुके हैं और विज्ञान संचारक के रूप में निरंतर समाज को जागरूक कर रहे हैं। वे रेडक्रॉस के आजीवन सदस्य हैं तथा कोरोना काल में उनके सराहनीय कार्यों के लिए राज्यपाल द्वारा सम्मानित हो चुके हैं।
शिक्षण के साथ-साथ वे कुमाऊनी भाषा और संस्कृति के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। एक कवि, क्विज मास्टर और कुशल मंच संचालक के रूप में उनकी अलग पहचान है। “सुमेधा” और “न्योली कलम” जैसी पत्रिकाओं का संपादन करने के साथ-साथ उनके लेख विभिन्न पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं तथा उनके दो साझा काव्य संग्रह भी प्रकाशित हैं।
विद्यालय में इस उपलब्धि को लेकर हर्ष और गर्व का माहौल है। प्रधानाध्यापक अजय कुमार रावत ने कहा कि नवीन पन्त ने स्मार्ट क्लास, गणित कार्यशालाएं, छात्र संसद, ऑनलाइन शिक्षण और व्यक्तिगत मार्गदर्शन जैसे नवाचारों से विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। वे प्रतिभाशाली छात्रों को हर वर्ष स्वयं छात्रवृत्ति भी प्रदान करते हैं।
पुरस्कार मिलने पर नवीन चंद्र पन्त ने इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने विद्यार्थियों, सहकर्मियों और परिवार को दिया।

फोटो_ नवीन चंद्र पंत।


Share This Post