चंपावत: स्वाला डेंजर जोन पर जीत की ओर चंपावत, अप्रैल अंत तक डबल लेन सड़क का लक्ष्य।

Share This Post

डीएम मनीष कुमार की सख्ती और मॉनिटरिंग से तेज हुआ काम, बरसात से पहले राहत की उम्मीद।

चंपावत। टनकपुर-चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग के सबसे खतरनाक स्वाला डेंजर जोन पर आखिरकार हालात बदलते नजर आ रहे हैं। यदि सब कुछ योजना के अनुसार चलता रहा तो इस माह के अंत तक यहां डबल लेन सड़क निर्माण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिससे वर्षों से झेल रही परेशानी से आमजन को बड़ी राहत मिलेगी। बरसात के दौरान यह क्षेत्र अक्सर यातायात के लिए सबसे बड़ी बाधा बन जाता था। थोड़ी सी बारिश में भी सड़क बंद होने का खतरा बना रहता था और कई बार सुरक्षा कारणों से रात में यातायात रोकना पड़ता था। इस समस्या के समाधान के लिए करीब 21 करोड़ रुपये की लागत से पहाड़ी का ट्रीटमेंट और सड़क चौड़ीकरण का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कार्यभार संभालने के बाद से ही इस डेंजर जोन को प्राथमिकता में रखा है। सुबह से लेकर देर रात तक वे लगातार स्पोट में जाकर निगरानी करते आ रहे हैं। 13 और 14 अप्रैल को तो उन्होंने खुद रात में मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और आपातकालीन वाहनों को छोड़कर सामान्य यातायात बंद कर काम में तेजी लाई। एनएच के अधिशासी अभियंता दीपक जोशी के अनुसार, विभाग तय समय सीमा में कार्य पूरा करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहा है। वहीं, टनकपुर से एंचौली तक करीब 30 संवेदनशील स्थलों के स्थायी समाधान के लिए 250 करोड़ रुपये की डीपीआर भारत सरकार को भेजी गई है, जिसकी स्वीकृति की उम्मीद है।


बॉक्स_

“प्यार भी, सख्ती भी” डीएम का अनोखा अंदाज बना कामयाबी की कुंजी।

चंपावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार का कार्यशैली यहां चर्चा का विषय बनी हुई है। एक ओर जहां वे रात के सन्नाटे में निरीक्षण कर काम में ढिलाई बर्दाश्त नहीं करते, वहीं दूसरी ओर श्रमिकों के साथ मानवीय रिश्ता भी कायम किया है। त्योहारों पर मिठाई बांटना और अपने आवास पर श्रमिकों को भोजन के लिए आमंत्रित करना इन प्रयासों से मजदूरों के साथ उनका जुड़ाव और मजबूत हुआ है। यही कारण है कि अब श्रमिक भी पूरे समर्पण के साथ काम में जुटे हैं और कार्य की गति में स्पष्ट बदलाव देखने को मिल रहा है।


फोटो – स्वाला डेंजर जोन में सड़क चौड़ीकरण और पहाड़ी ट्रीटमेंट की ताजा स्थिति तथा रात्रि में स्पोट का निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post