चंपावत: आईटीबीपी की 36वीं वाहिनी का बड़ा कदम: “टीबी मुक्त भारत” के लिए जागरूकता का बिगुल।

Share This Post

कमांडेंट संजय कुमार के निर्देशन में अभियान, डॉक्टरों ने बताया—समय पर जांच और इलाज से टीबी पूरी तरह ठीक संभव।

लोहाघाट। भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल की 36वीं वाहिनी ने “टीबी मुक्त भारत अभियान” के तहत एक प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर स्वास्थ्य के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। कमांडेंट संजय कुमार के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता चीफ पैट्रन अनुराधा सिंह द्वारा की गई, जिसमें हिमवीर जवानों के साथ उनके परिवारों की महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य टीबी जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता फैलाना और उसके बचाव व उपचार की सही जानकारी देना रहा। इस दौरान जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सोनाली मंडल ने उपस्थित सभी लोगों को टीबी के लक्षण, समय पर जांच और पूर्ण उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने साफ कहा कि अगर समय रहते जांच कर सही इलाज शुरू किया जाए तो टीबी को पूरी तरह खत्म किया जा सकता है। इस संदेश ने उपस्थित लोगों को जागरूक ही नहीं बल्कि जिम्मेदार भी बनाया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों व जवानों ने “टीबी मुक्त भारत अभियान” को सफल बनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। 36वीं वाहिनी आईटीबीपी द्वारा समय-समय पर इस तरह के जनहित कार्यक्रम आयोजित कर जवानों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य के प्रति सजग किया जाता रहा है। इस अवसर पर वाहिनी के सभी अधिकारी, जवान और उनके परिवारजन मौजूद रहे, जिससे कार्यक्रम एक मजबूत सामाजिक संदेश देने में सफल रहा।

फोटो_ आयोजित कार्यक्रम में टीबी उन्मूलन को लेकर जागरूकता फैलाते अधिकारी व चिकित्सक।


Share This Post