चंपावत:  स्वाला में सड़क चौड़ीकरण का डीएम ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और यातायात व्यवस्था पर सख्त निर्देश

Share This Post

चंपावत। स्वाला क्षेत्र में चल रहे सड़क चौड़ीकरण एवं सुधार कार्यों की हकीकत जानने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बारिश के बीच खुद मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य को तेज गति से निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाए, ताकि आम जनता को सुरक्षित और बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।
बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी ने यातायात प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्ती से कहा कि निर्माण कार्य के दौरान किसी भी स्थिति में सड़क बाधित नहीं होनी चाहिए।
साथ ही, उन्होंने पहाड़ी हिस्से (हिल साइड) में पेंच निर्माण और ढलान वाले हिस्से (डाउन साइड) में मजबूत सुरक्षा दीवार (सेफ्टी वॉल) बनाने के कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, जिससे सड़क की मजबूती और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे।

फोटो_बारिश के बीच स्वाला क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण कार्यों का निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post