चंपावत: बाराही धाम देवीधुरा बनेगी नगर पंचायत, मुख्यमंत्री धामी ने दिखाई हरी झंडी।

Share This Post

धार्मिक, पर्यटन और आध्यात्मिक विकास को मिलेगा नया आयाम, आदर्श धार्मिक नगरी के रूप में विकसित होगा देवीधूरा।


देवीधूरा। विश्व प्रसिद्ध मां बाराही धाम देवीधूरा के विकास को नई दिशा देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवीधूरा को नगर पंचायत घोषित करने की प्रक्रिया को हरी झंडी दे दी है। अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत जिलों के मध्य स्थित बाराही धाम की धार्मिक, पर्यटन, आध्यात्मिक, साहसिक एवं ईको टूरिज्म की अपार संभावनाओं को देखते हुए यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। परमाणु युग में भी अपनी अनूठी पाषाण युद्ध परंपरा ‘बग्वाल’ के लिए विश्वभर में पहचान रखने वाले बाराही धाम को अब योजनाबद्ध तरीके से विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। लंबे समय से क्षेत्र के बुद्धिजीवियों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा बाराही धाम मंदिर को वैष्णो देवी की तर्ज पर ट्रस्ट के रूप में विकसित करने की मांग उठाई जा रही थी। इसी क्रम में यहां प्रतिवर्ष देश के विद्वान कथावाचकों द्वारा धार्मिक आयोजनों एवं कथाओं का सिलसिला भी शुरू हुआ। श्री बाराही मंदिर ट्रस्ट के प्रथम अध्यक्ष एवं रेलवे कॉरिडोर के पूर्व महानिदेशक हीरा बल्लभ जोशी की पहल पर यहां 10 दिवसीय विश्व कल्याण महायज्ञ एवं कथा का आयोजन किया गया था, जिसमें ज्योतिर्मठ पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती महाराज भी पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जो स्वयं मां बाराही के उपासक माने जाते हैं, लगातार चार वर्षों तक प्रसिद्ध बग्वाल मेले में शामिल होकर नया रिकॉर्ड बना चुके हैं। उनकी परिकल्पना है कि आने वाले समय में बाराही धाम देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि बाराही धाम को नगर पंचायत का दर्जा देने के लिए संबंधित अधिकारियों को विस्तृत प्रारूप तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। योजना के तहत यहां आने वाले पर्यटकों एवं धार्मिक गतिविधियों के लिए सभी बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि देवीधूरा को एक आदर्श धार्मिक नगरी के रूप में स्थापित किया जा सके। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बाराही धाम अपनी पारंपरिक एवं पौराणिक पहचान को संजोए रखते हुए आधुनिक विकास की ओर आगे बढ़ेगा और बनने वाली नगर पंचायत का स्वरूप भी उसी अनुरूप आदर्श होगा। इस निर्णय पर श्री बाराही मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष हीरा बल्लभ जोशी, मंदिर समिति के संस्थापक अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह लमगडिया, पूर्व सेतु आयोग उपाध्यक्ष राजशेखर जोशी, ट्रस्टी नरेंद्र सिंह लड़वाल, दिनेश जोशी, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश चंद्र पांडे, विनोद गड़कोटी, हयात बिष्ट, मोहन सिंह बिष्ट, आचार्य कीर्ति  शास्त्री, विशन चम्याल, राजेश बिष्ट, चंदन बिष्ट, ईश्वर सिंह बिष्ट सहित चार खाम सात थोक के लोगों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।


फोटो – बाराही धाम देवीधुरा का एक दृश्य


Share This Post