चंपावत के आलू को मिलेगा राष्ट्रीय बाजार, किसानों की आमदनी बढ़ाने को डीएम ने बनाई बड़ी रणनीति।

Share This Post

रिलायंस रिटेल, अमेजन, टाटा समूह और बिग बास्केट जैसी कंपनियों से जुड़ेगी सप्लाई चैन; कोल्ड स्टोर जल्द होंगे संचालित।


चंपावत। जनपद के किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने और चम्पावत के आलू को बड़े बाजारों तक पहुंचाने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ी पहल शुरू कर दी है। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में कृषि, उद्यान, सहकारिता एवं उद्योग विभाग के अधिकारियों के साथ आलू उत्पादन और उसके विपणन को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुल्ला और दिगालीचौड़ स्थित पूर्व निर्मित कोल्ड स्टोरों को शीघ्र दुरुस्त कर पूर्ण क्षमता के साथ संचालित किया जाए, ताकि किसानों को फसल औने-पौने दामों में बेचने के लिए मजबूर न होना पड़े। इसके साथ ही किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े स्वयं सहायता समूहों को सक्रिय करते हुए कृषि उत्पादों के बेहतर विपणन की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। प्रशासन का फोकस अब चंपावत के उच्च गुणवत्ता वाले आलू को सीधे बड़े बाजारों तक पहुंचाने पर रहेगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को रिलायंस रिटेल, अमेजन इंडिया, टाटा समूह और बिग बास्केट जैसी बड़ी रिटेल कंपनियों से संपर्क स्थापित कर मजबूत सप्लाई चैन विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे चम्पावत के किसानों को सीधे बड़े खरीदारों तक पहुंच मिलेगी और उनकी आय में वृद्धि होगी। जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि अन्नदाता के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी योजनाओं को तय समयसीमा के भीतर धरातल पर उतारा जाएगा। बैठक में मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, जिला उद्यान अधिकारी मोहित मल्ली जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक पंकज तिवारी  सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


फोटो_  किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post