चंपावत के 10 कराटे खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर दिखाएंगे दम, नेशनल कैंप के लिए रवाना।

Share This Post

उत्तराखंड टीम का करेंगे प्रतिनिधित्व, खिलाड़ियों की उपलब्धि पर जिले में खुशी की लहर।


लोहाघाट। सीमांत जनपद चंपावत के युवा खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जिले के 10 होनहार कराटे खिलाड़ियों का चयन नेशनल कराटे कैंप एवं राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप के लिए हुआ है। सभी खिलाड़ी उत्तराखंड राज्य टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए देहरादून में आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर और प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
जानकारी के अनुसार चयनित खिलाड़ी 23 मई 2026 से 2 जून 2026 तक आयोजित नेशनल कराटे कैंप में कठिन अभ्यास और प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। इसके बाद 3 जून से 7 जून 2026 तक आयोजित होने वाली नेशनल कराटे चैंपियनशिप में उत्तराखंड की ओर से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने जा रहे खिलाड़ियों में भावना, अनामिका, पार्थ, अभिषेक, करण, विवेक, अभिजीत, प्रश्रान, रिशव और आभाष शामिल हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और उत्साह का माहौल है।
खिलाड़ियों की इस सफलता पर जिलाधिकारी चंपावत, अपर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, पुलिस अधीक्षक, जिला क्रीड़ा अधिकारी एवं जिला युवा कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न अधिकारियों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों तथा उनके कोच को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
खेल प्रेमियों का कहना है कि सीमांत क्षेत्र के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं, जिससे जिले के अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिल रही है। खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और लगन अब चंपावत को खेल जगत में नई पहचान दिला रही है।

फोटो  – नेशनल कराटे कैंप एवं चैंपियनशिप के लिए रवाना होने से पहले चयनित कराटे खिलाड़ी और उनके कोच।


Share This Post