चंपावत: बाराकोट में तीन दिवसीय बिजनेस और मार्केटिंग प्रशिक्षण संपन्न, स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और बड़े बाजार तक पहुंच पर हुआ मंथन।

Share This Post

सहकारिताओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल।

चंपावत/बाराकोट।  पहाड़ के उत्पादों को गांवों से निकालकर बड़े बाजारों तक पहुंचाने की दिशा में बाराकोट विकासखंड में आयोजित तीन दिवसीय व्यवसाय नियोजन एवं विपणन प्रशिक्षण कार्यक्रम उम्मीद की नई राह खोल गया। ग्रामोत्थान परियोजना एवं ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण में स्थानीय सहकारिताओं और किसान उत्पादक संगठनों के संचालकों को आधुनिक व्यवसाय, मार्केटिंग और वैल्यू एडिशन की व्यवहारिक जानकारी दी गई।
लड़ीधुरा संकुल संघ के नव निर्मित संग्रहण केंद्र में आयोजित प्रशिक्षण में विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को बताया कि यदि स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग पर सही रणनीति के साथ काम किया जाए तो पहाड़ के उत्पाद राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।
समापन सत्र में एबीडीओ बाराकोट जावेद हुसैन ने कहा कि ग्रामीण सहकारिताओं को केवल उत्पादन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि बाजार की मांग के अनुसार उत्पाद तैयार कर उन्हें बेहतर प्लेटफॉर्म तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने सहकारिताओं को मजबूत बिजनेस मॉडल अपनाने और मूल्य संवर्धन पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
तीन दिनों तक चले प्रशिक्षण में तकनीकी एवं वित्तीय व्यवहार्यता, स्वॉट विश्लेषण, बिजनेस मॉडल कैनवास, लाभ-अलाभ बिंदु, ग्रेडिंग, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, उत्पादन प्रबंधन, मूल्य निर्धारण और विपणन रणनीतियों पर गहन प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को स्लाइड शो, समूह चर्चा और प्रस्तुतीकरण के माध्यम से व्यावहारिक समझ भी विकसित कराई गई।
ग्रामोत्थान के मास्टर ट्रेनर एवं सहायक प्रबंधक आजीविका सुमित कुमार, सहायक प्रबंधक मूल्य श्रृंखला सुनील कुमार और सहायक प्रबंधक सेल्स अतुल ने “सॉयल टू मार्केट” रणनीति, जोखिम प्रबंधन, फॉरवर्ड-बैकवर्ड लिंकेज और मार्केट नेटवर्क की तकनीकी जानकारियां साझा कीं।
अंतिम दिवस में सहायक प्रबंधक एवं प्रशिक्षण समन्वयक प्रकाश पाठक ने कहा कि सहकारिताओं की सफलता के लिए मजबूत प्रबंधन, पारदर्शिता और प्रभावी विपणन व्यवस्था बेहद जरूरी है। फीडबैक सत्र में प्रतिभागियों ने भविष्य में व्यवसायिक गतिविधियों और टर्नओवर बढ़ाने के लिए प्रतिबद्धता जताई।
प्रशिक्षण में लड़ीधुरा, रेगड़ू, बापरू-रैघांव, पंचबलिया और वल्सौं स्वायत्त सहकारिताओं के कुल 45 संचालकों एवं स्टाफ ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।

फोटो_ बाराकोट में आयोजित व्यवसाय नियोजन एवं विपणन प्रशिक्षण कार्यशाला के समापन अवसर पर प्रतिभागी, संचालक एवं प्रशिक्षक एक साथ।


Share This Post