चंपावत: पाटी की चुनावी जंग में पवनदीप फैक्टर की एंट्री, जीजा नारायण लाल के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब।

Share This Post

इंडियन आइडल विजेता की मौजूदगी से गरमाई सियासत, शक्ति प्रदर्शन रैली ने बढ़ाई चुनावी सरगर्मी।

लोहाघाट। नवसृजित नगर पंचायत पाटी के पहले चुनाव में मुकाबला अब पूरी तरह दिलचस्प और हाई-प्रोफाइल होता जा रहा है। एक ओर भाजपा समर्थित प्रत्याशी नवीन राम के प्रचार में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और दर्जा राज्यमंत्री सहित कई दिग्गज अपनी ताकत झोंक रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शनिवार को चुनावी मैदान में एक ऐसी एंट्री हुई जिसने पूरे क्षेत्र की राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बदल दिया। इंडियन आइडल विजेता और उत्तराखंड के लोकप्रिय गायक पवनदीप राजन ने अपने जीजा एवं निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल के समर्थन में पाटी पहुंचकर विशाल शक्ति प्रदर्शन रैली में भाग लिया। उनके पहुंचते ही चुनावी माहौल में नया जोश देखने को मिला और समर्थकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। पाटी की सड़कों पर निकली इस रैली में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। “नारायण-नारायण” और अन्य चुनावी नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। रैली में उमड़ी भीड़ ने यह संदेश देने की कोशिश की कि निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल भी मुकाबले में मजबूत स्थिति में हैं।
पवनदीप राजन ने लोगों से अपने जीजा नारायण लाल के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उनके साथ सेल्फी लेने और उन्हें देखने के लिए भी लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पवनदीप की लोकप्रियता का असर युवा मतदाताओं पर पड़ सकता है और इससे चुनावी समीकरणों में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित नवीन राम, निर्दलीय नारायण लाल और पार्वती देवी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है। तीनों उम्मीदवार अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं, लेकिन नारायण लाल के समर्थन में हुए इस शक्ति प्रदर्शन ने चुनावी चर्चा को नया मोड़ दे दिया है।
हालांकि अंतिम फैसला मतदाताओं के हाथ में है। 9 जून को मतदान और 11 जून को मतगणना के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि नवसृजित पाटी नगर पंचायत की सत्ता की चाबी किसके हाथ लगती है। फिलहाल पवनदीप राजन की एंट्री और नारायण लाल के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब चुनावी रण में उनकी दावेदारी को मजबूत करने वाला माना जा रहा है। चर्चा का विषय क्या पवनदीप राजन का स्टारडम पाटी नगर पंचायत चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल को बड़ा फायदा पहुंचाएगा, या फिर भाजपा का संगठनात्मक दमखम भारी पड़ेगा? इसका जवाब अब जनता 9 जून को मतदान के जरिए देगी।


Share This Post