चंपावत: भूतपूर्व सैनिकों के सम्मान से समझौता नहीं, समस्याओं का होगा त्वरित समाधान- डीएम

Share This Post

जिला सैनिक कल्याण परिषद की बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश, सड़क, पेयजल व सुरक्षा से जुड़े मामलों पर तत्काल कार्रवाई के आदेश।

चंपावत। भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान में अब किसी भी स्तर पर देरी नहीं होगी। शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सैनिक कल्याण परिषद की बैठक में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने साफ कहा कि सैनिकों से जुड़े सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को लंबित मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में सड़क, पेयजल पाइपलाइन, अमर जवान स्मारक के सौंदर्यीकरण तथा छोटी संपर्क सड़कों के निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को सभी कार्य शीघ्र पूरा करने और विभागीय बजट में सैनिक कल्याण योजनाओं के लिए पर्याप्त प्रावधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल (सेनि.) उमेद सिंह ने तपनी-पाल मोटर मार्ग की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार, बॉजगांव की पेयजल योजना, विविल इंटर कॉलेज से नरसों तक आपदा प्रभावित सड़क तथा शिलिंगटाक क्षेत्र में जंगली जानवरों से सुरक्षा सहित चार प्रमुख समस्याएं बैठक में उठाईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को इन सभी मामलों में शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने भूतपूर्व सैनिकों से सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने, विकास संबंधी सुझाव प्रशासन को उपलब्ध कराने तथा आपदा के समय प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप दूरस्थ क्षेत्रों तक सड़क सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
बैठक में एडीएम के एन गोस्वामी, सीडीओ डॉ. जी.एस. खाती, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल (सेनि.) उमेद सिंह, अधिशासी अभियंता मोहन पलड़िया, हितेश कांडपाल, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

फोटो_  कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सैनिक कल्याण परिषद की समीक्षा बैठक लेते जिलाधिकारी मनीष
कुमार एवं अन्य अधिकारी।


Share This Post