मॉडल जिला चंपावत में स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी छलांग,तीन माह में 550 से अधिक सफल ऑपरेशन।

Share This Post

एमआरआई, डायलिसिस, आईसीयू, ब्लड बैंक और आधुनिक सुविधाओं से जिला अस्पताल बना भरोसे का केंद्र, मरीजों का बाहर रेफर होना हुआ कम

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की परिकल्पना के मॉडल जिला चंपावत में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। जिला चिकित्सालय में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से अब अधिकांश गंभीर बीमारियों का उपचार स्थानीय स्तर पर ही संभव हो रहा है। हेड इंजरी और अत्यंत जटिल हृदय रोगों को छोड़कर अधिकांश मरीजों का इलाज अब जिले में ही किया जा रहा है।
जिला चिकित्सालय में सर्जन डॉ. हिमांशु पांडे और डॉ. लता की सेवाओं से जटिल एवं गंभीर ऑपरेशन भी सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं। बीते तीन माह में विभिन्न प्रकार के 550 से अधिक ऑपरेशन किए गए हैं, जो जिला अस्पताल के लिए एक नया रिकॉर्ड माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का उद्देश्य रहा है कि मॉडल जिला चंपावत के लोगों को ऐसी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों, जिससे उन्हें हल्द्वानी या अन्य बड़े शहरों में रेफर न होना पड़े। इसी दिशा में अस्पताल में एमआरआई, डायलिसिस, आईसीयू, ब्लड बैंक और जीवनरक्षक उपकरणों जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसका परिणाम यह है कि अब न केवल मरीजों का बाहर जाना कम हुआ है, बल्कि दिल्ली और अन्य शहरों में इलाज कराने वाले कई मरीज भी जिला अस्पताल का रुख कर रहे हैं।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मॉडल जिला चंपावत में लोगों को उनके घर के नजदीक बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में लगातार नई चिकित्सा सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं, साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार कर हर व्यक्ति को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने कहा कि जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों और आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता के कारण अब अधिकांश जटिल ऑपरेशन और गंभीर बीमारियों का इलाज स्थानीय स्तर पर सफलतापूर्वक किया जा रहा है। बीते तीन माह में 550 से अधिक सफल ऑपरेशन होना अस्पताल की बढ़ती क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए लगातार नई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं और विशेषज्ञ सेवाओं का दायरा भी बढ़ाया जा रहा है।

उधर जिला अस्पताल में संचालित ब्लड बैंक से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे आपातकालीन उपचार को बड़ी मजबूती मिली है। स्वास्थ्य सेवाओं को और उन्नत बनाने के लिए जल्द ही अत्याधुनिक ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट स्थापित की जाएगी। इसके शुरू होने पर प्लाज्मा सहित रक्त के विभिन्न अवयव अलग-अलग उपलब्ध कराए जा सकेंगे, जिससे गंभीर मरीजों को और बेहतर उपचार मिल सकेगा। वहीं, एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एम्बुलेंस और आधुनिक एमआरआई सेवा भी मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही हैं।
जिला प्रशासन द्वारा लोहाघाट, टनकपुर, पाटी और रीठा साहिब जैसे क्षेत्रों में भी बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। रीठा साहिब में एक्स-रे सुविधा कल से शुरू होने से लोगों को 75 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल नहीं आना पड़ेगा। वहीं लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय की बेहतर व्यवस्थाओं से जिला अस्पताल पर मरीजों का दबाव लगभग 50 प्रतिशत तक कम हुआ है।

बॉक्स_

लोगों ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का जताया आभार

स्वास्थ्य सेवाओं में आए व्यापक सुधार का लाभ उठा रहे लोग मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार व्यक्त कर उनके दीर्घायु होने की कामना कर रहे हैं। वहीं मॉडल जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के तेजी से विस्तार और प्रभावी व्यवस्थाओं के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान और स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली की भी सराहना की जा रही है।

फोटो_चंपावत जिला चिकित्सालय में आधुनिक एमआरआई मशीन से जांच कराता मरीज।


Share This Post