चंपावत: मतदाता सूची में गड़बड़ी नहीं होगी बर्दाश्त, डीएम ने राजनीतिक दलों से मांगा सक्रिय सहयोग।

Share This Post

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा, 14 जुलाई को प्रकाशित होगी प्रारूप मतदाता सूची, 15 सितंबर को आएगी अंतिम सूची।

चंपावत। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार ने सोमवार को राजनीतिक दलों और उनके बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के साथ बैठक कर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल करना तथा मृत, स्थानांतरित, अपात्र और डुप्लीकेट नामों को हटाकर निर्वाचक नामावली को शुद्ध और अद्यतन बनाना है। उन्होंने बीएलए से एब्सेंट, डेथ और शिफ्ट मतदाताओं का गंभीरता से सत्यापन करने को कहा ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम गलती से न कटे। उन्होंने बताया कि जनपद में मतदाता गणना प्रपत्रों का 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। 14 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी, जबकि 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। सभी आपत्तियों के निस्तारण के बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डीएस अधिकारी तथा भाजपा, कांग्रेस समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


फोटो – विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर राजनीतिक दलों और बीएलए के साथ बैठक करते जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post