चंपावत हादसे पर डीएम सख्त, मजिस्ट्रेट जांच के आदेश; 15 दिन में मांगी रिपोर्ट!

Share This Post

चंपावत। घटोत्कच्छ मंदिर के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने उपजिलाधिकारी चंपावत को जांच अधिकारी नामित करते हुए दुर्घटना के सभी पहलुओं की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कर 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे चंपावत-तामली मोटर मार्ग पर घटोत्कच्छ मंदिर के पास स्कूटी संख्या UK 03 D 4097 और डम्पर संख्या UK 03 CA 3277 की टक्कर हो गई थी। हादसे में स्कूटी सवार 19 वर्षीय दीपक जोशी, पुत्र मुरलीधर जोशी, निवासी गोरल चौड़ वार्ड (आरएफसी गोदाम के निकट), चंपावत की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि मजिस्ट्रेट जांच में दुर्घटना के कारणों, घटनाक्रम, सड़क की स्थिति, यातायात संबंधी परिस्थितियों और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो उसकी भी गहन जांच की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच का उद्देश्य केवल जिम्मेदारी तय करना ही नहीं, बल्कि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम सुनिश्चित करना भी है।
प्रशासन ने जांच अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी संबंधित पक्षों के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समयावधि में रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।

फोटो_जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post