चंपावत: संत रविदास की 650वीं जयंती पर जिलेभर में होंगे समरसता के कार्यक्रम।

Share This Post

चंपावत। भारतीय जनता पार्टी की ओर से संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता में पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करते हुए सामाजिक समरसता और जनसहभागिता पर विशेष जोर दिया।

भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर सामाजिक एकता और समरसता को मजबूत बनाने का प्रयास किया जाएगा।

प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा ने बताया कि 29 जुलाई से शुरू हुए “समरसता संकल्प अभियान” के तहत जिले के विभिन्न संत रविदास मंदिरों और सामाजिक स्थलों पर दीप प्रज्वलन, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामाजिक समरसता से जुड़े आयोजन किए जाएंगे। इसके अलावा कलश वंदन अभियान, संत संपर्क अभियान, छात्रावास संपर्क अभियान और समरसता यात्रा भी चरणबद्ध तरीके से आयोजित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि 29 जुलाई को संत रविदास मंदिरों में दीपोत्सव और सामाजिक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं, 30 जुलाई को वाराणसी से लाई गई पवित्र मिट्टी और कलश के स्वागत के लिए जिला स्तर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में समरसता संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

दर्जा राज्यमंत्री श्याम नारायण पांडेय ने कहा कि संत रविदास का जीवन सामाजिक समानता, आत्मसम्मान और मानवता का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि संत रविदास के विचार आज भी समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर एकता और भाईचारे का संदेश देते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत ने की, जबकि संचालन जिला मीडिया संयोजक राजेंद्र गड़कोटी ने किया। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शंकर दत्त पांडेय, जिला उपाध्यक्ष प्रकाश पांडेय, और लक्ष्मण सिंह बोहरा समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। अभियान के सफल संचालन के लिए राजू बिष्ट को जिला संयोजक तथा राजू गड़कोटी, शशांक गोयल, मुकेश जोशी और सूरज कुमार को सहसंयोजक बनाया गया है।

फोटो_आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते भाजपा पदाधिकारी।


Share This Post