हरिद्वार:  251 फीट लंबी तिरंगा कांवड़ लेकर हरिद्वार पहुंचे शिवभक्त, देशभक्ति और शिवभक्ति का अनूठा संगम।

Share This Post

हरिद्वार। सावन माह के पावन अवसर पर चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था, सनातन परंपरा और राष्ट्रप्रेम का अद्भुत संगम देखने को मिला। उत्तर प्रदेश के बागपत से आए शिवभक्त 251 फीट लंबी तिरंगा कांवड़ लेकर हरिद्वार पहुंचे। विशाल तिरंगा कांवड़ को देखने के लिए हरकी पैड़ी और आसपास के क्षेत्रों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
शिवभक्तों ने हरकी पैड़ी पहुंचकर मां गंगा की पूजा-अर्चना की और विधि-विधान से पवित्र गंगाजल भरा। इसके बाद श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का कहना है कि उनकी यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और सनातन संस्कृति का संदेश देना भी है।

क्लिप_हरकी पैड़ी पर 251 फीट लंबी तिरंगा कांवड़ ले जाते शिवभक्त।


शिवभक्तों ने बताया कि तिरंगा कांवड़ भारत माता के सम्मान और देश के प्रति समर्पण की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की कृपा से ही उन्हें इस यात्रा को पूरा करने की शक्ति मिल रही है। श्रद्धालुओं ने बताया कि वे 11 अगस्त को बागपत पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे और देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
कांवड़ यात्रा के दौरान हर-हर महादेव और वंदे मातरम् के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं का कहना है कि इस तरह की पहल युवाओं को अपनी संस्कृति, परंपराओं और देशभक्ति के प्रति जागरूक करने का काम करती है।
251 फीट लंबी तिरंगा कांवड़ हरिद्वार पहुंचने के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। देशभक्ति और शिवभक्ति के इस अनूठे संगम ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

फोटो_हरकी पैड़ी पर 251 फीट लंबी तिरंगा कांवड़ के साथ पहुंचे शिवभक्त।


Share This Post